शमशान भूमि के रास्ते की बदहाली से ग्रामीणों में आक्रोश, बोले- शव यात्रा के समय होती है सबसे ज्यादा परेशानी कई बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं, जल्द निर्माण नहीं हुआ तो कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे क्षेत्रवासी

ग्राम पंचायत बिलियावास के बाडिया गुड़ा में शमशान भूमि की ओर जाने वाले रास्ते की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि शमशान भूमि तक पहुंचने वाला रास्ता लंबे समय से परेशानी का सबब बना हुआ है। रास्ते की समस्या को लेकर स्थानीय प्रशासन को कई बार शिकायत दर्ज करवाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों के अनुसार शमशान भूमि तक जाने वाला रास्ता खराब होने के कारण आम दिनों में आवागमन प्रभावित होता है, वहीं किसी व्यक्ति की मृत्यु होने पर शव यात्रा के दौरान लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि अंतिम यात्रा जैसे संवेदनशील अवसर पर भी रास्ते की बदहाल स्थिति के कारण लोगों को परेशान होना पड़ता है। इसके बावजूद जिम्मेदार विभागों की ओर से अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि शमशान भूमि तक जाने वाले रास्ते का आवश्यक सर्वे करवाकर जल्द से जल्द निर्माण एवं सुधार कार्य करवाया जाए, ताकि भविष्य में शव यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो। ग्रामीणों ने सुनाई समस्या कैलाश सिंह ने कहा कि रास्ते की समस्या को लेकर कई बार प्रशासन को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। यदि जल्द रास्ते का निर्माण नहीं करवाया गया तो सभी क्षेत्रवासियों के साथ जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा जाएगा और समस्या के समाधान की उचित मांग रखी जाएगी। दौलत सिंह ने बताया कि शमशान भूमि तक जाने वाला रास्ता क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। खराब रास्ते के कारण अंतिम यात्रा के समय बुजुर्गों सहित ग्रामीणों को काफी परेशानी होती है। प्रशासन को इस समस्या को प्राथमिकता से लेते हुए जल्द समाधान करना चाहिए। किशोर सिंह ने कहा कि ग्रामीण लंबे समय से रास्ते के निर्माण की मांग कर रहे हैं। बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में रोष है। शमशान भूमि तक बेहतर रास्ता उपलब्ध होना मूलभूत सुविधा का हिस्सा है, इसलिए प्रशासन को बिना देरी किए कार्रवाई करनी चाहिए। राम सिंह ने कहा कि रास्ते की समस्या केवल एक परिवार या व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की समस्या है। जब किसी परिवार में दुखद घटना होती है तो शव को शमशान भूमि तक ले जाने में काफी दिक्कत होती है। ऐसे में रास्ते का स्थायी समाधान होना जरूरी है। प्रशासन ने कहा- प्रस्ताव संबंधित विभाग को भेजा इस संबंध में प्रशासक ने बताया कि ग्रामीणों से बात कर जल्द ही आगे की आवश्यक कार्रवाई करवाकर रास्ते को दुरुस्त कराया जाएगा। बजरंग जीनगर ने कहा- ग्रामीण सहमति दें तो नए स्थान पर श्मशान घाट बनाकर रास्ता भी करवाएंगे ग्राम पंचायत प्रशासक बजरंग जीनगर ने बताया कि श्मशान भूमि के रास्ते को लेकर पंचायत स्तर पर ग्रामीणों के साथ चर्चा की जा चुकी है। वर्तमान स्थान पर रास्ता निर्माण में आ रही परेशानी को देखते हुए यदि ग्रामीण किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर श्मशान घाट स्थानांतरित करने के लिए सहमति देते हुए पंचायत को प्रपत्र उपलब्ध करवाते हैं, तो पंचायत की ओर से नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की सहमति और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने पर नए स्थान पर श्मशान घाट का निर्माण करवाने के साथ वहां तक पहुंचने के लिए रास्ते का निर्माण भी करवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि श्मशान घाट के लिए सार्वजनिक सराय का निर्माण भी प्रस्तावित था। यदि श्मशान घाट के लिए उपयुक्त स्थान और रास्ते की व्यवस्था हो जाती है तो सराय का निर्माण करवाने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पंचायत का प्रयास रहेगा कि ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इस दौरान कैलाश सिंह, दौलत सिंह, किशोर सिंह, राम सिंह, ईश्वर सिंह, रिंकू, शम्भु सिंह, प्रभु सिंह, चिमन सिंह, बिरद सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Magra Samachar
Author: Magra Samachar

Leave a Comment

शमशान भूमि के रास्ते की बदहाली से ग्रामीणों में आक्रोश, बोले- शव यात्रा के समय होती है सबसे ज्यादा परेशानी कई बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं, जल्द निर्माण नहीं हुआ तो कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे क्षेत्रवासी

Traffic Tail