
जवाजा के अलग-अलग गांवों में पानी की किल्लत का हाल बयां करती तस्वीरें।
जवाजा। कोटड़ा एवं आसपास के क्षेत्र में पिछले 12 दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीणों के सामने गंभीर जल संकट खड़ा हो गया है। लगातार पानी नहीं मिलने से ग्रामीणों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है और लोगों को पीने के पानी के लिए दूर-दराज के जलस्रोतों का सहारा लेना पड़ रहा है। लंबे समय से बनी समस्या को लेकर ग्रामीणों में रोष बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब 12 दिनों से नलों में पानी नहीं आने के कारण घरों में पेयजल की भारी किल्लत हो गई है। पानी की व्यवस्था करने के लिए महिलाओं सहित ग्रामीणों को घंटों मशक्कत करनी पड़ रही है। कई परिवारों को निजी साधनों से पानी लाना पड़ रहा है, जबकि पशुओं के लिए पानी जुटाना भी मुश्किल हो गया है। रोजमर्रा के घरेलू कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा के लिए 12 दिनों तक परेशान होना गंभीर समस्या है। बार-बार समस्या की ओर ध्यान दिलाने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं जलदाय विभाग से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल पेयजल आपूर्ति सुचारू कराने की मांग की है।













