नन्हीं बालिकाओं ने पुलिस जवानों की कलाई पर बांधा रक्षा सूत्र, थाने में बना घर जैसा माहौल

जवाजा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जवाजा पुलिस थाने में भाई-बहन के प्रेम और अपनत्व की अनूठी तस्वीर देखने को मिली। स्थानीय क्षेत्र की करीब 5 से 11 वर्ष की 7 नन्हीं बालिकाएं राखियां लेकर थाने पहुंचीं और पुलिस जवानों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन की खुशियां साझा कीं। बालिकाओं ने पुलिसकर्मियों को तिलक लगाया, माला पहनाई, राखी बांधी और मुंह मीठा कराया। नन्हीं बालिकाओं के स्नेह और अपनत्व से थाना परिसर में कुछ समय के लिए घर जैसा माहौल बन गया। त्योहार के दिन भी आमजन की सुरक्षा में ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवानों के लिए यह पल खास और भावुक करने वाला रहा। बालिकाओं से राखी बंधवाते समय कई जवानों को अपनी बहनों और परिवार की याद आ गई। पुलिसकर्मियों ने कहा कि ड्यूटी के चलते कई बार त्योहारों पर भी परिवार से दूर रहना पड़ता है। ऐसे में नन्हीं बालिकाओं का थाने पहुंचकर राखी बांधना उनके लिए खुशी के साथ-साथ भावुक कर देने वाला पल रहा। थानाधिकारी नवल किशोर ने कहा कि स्थानीय क्षेत्र की बालिकाएं राखियां लेकर थाने पहुंचीं और पूरे स्नेह के साथ पुलिसकर्मियों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा। छोटी-छोटी बालिकाओं के इस अपनत्व से थाना स्टाफ को बेहद खुशी मिली। उन्होंने कहा कि बालिकाओं के स्नेह से ऐसा लगा जैसे कुछ समय के लिए थाना नहीं, बल्कि अपना घर हो। उन्होंने थाना जवाजा के समस्त स्टाफ की ओर से बालिकाओं एवं उनके परिजनों का आभार व्यक्त किया। रक्षाबंधन पर बालिकाओं की इस पहल से पुलिस और आमजन के बीच विश्वास, सम्मान और आत्मीयता का संदेश भी सामने आया। अभिभावक प्रकाश सुयल ने कहा कि पुलिस जवान त्योहार के दिन भी अपनी खुशियों से दूर रहकर आमजन की सुरक्षा के लिए ड्यूटी पर तैनात रहते हैं। ऐसे में उनके प्रति सम्मान और स्नेह प्रकट कर उनका मनोबल बढ़ाना समाज की जिम्मेदारी है। इस अवसर पर थानाधिकारी नवल किशोर, एएसआई रूघाराम, राजाराम, सूबे सिंह एवं रोहिताश, हेड कांस्टेबल राजाराम, राजेन्द्र सिंह एवं वीरेंद्र मुंडेल सहित कांस्टेबल सुशील, जसराज, अशोक, प्रहलाद, रविन्द्र, मनोहर, अशोक कुमार, तोगेश, भवानी सिंह, रामलाल गुर्जर, सुखदेव डारा, हीराराम, अमरचन्द, विद्या खिलेरी एवं ईन्द्रा सहित थाना स्टाफ मौजूद रहा। बालिकाओं ने पुलिसकर्मियों को रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

Magra Samachar
Author: Magra Samachar

Leave a Comment

शमशान भूमि के रास्ते की बदहाली से ग्रामीणों में आक्रोश, बोले- शव यात्रा के समय होती है सबसे ज्यादा परेशानी कई बार शिकायत के बावजूद समाधान नहीं, जल्द निर्माण नहीं हुआ तो कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे क्षेत्रवासी

Traffic Tail