
सोजत, पाली। महिला अधिकारिता विभाग के निर्देशन में संस्कार शिक्षण संस्थान, पाली द्वारा संचालित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र, पुलिस थाना बगड़ी नगर, सोजत के तत्वावधान में बुधवार को महासती चंदन बाला जैन राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बगड़ी नगर में जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य, सुरक्षा तथा कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में विधिक परामर्शदाता दुर्गा सेन ने महिलाओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम-2005, कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न अधिनियम, मुफ्त कानूनी सहायता तथा पॉक्सो एक्ट की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पीड़ित महिला को थाने में शिकायत दर्ज कराने, गुजारा भत्ता प्राप्त करने तथा ससुराल में सम्मानपूर्वक रहने का पूरा अधिकार है। साथ ही 18 वर्ष से कम आयु की बालिका का विवाह या किसी भी प्रकार का शोषण कानूनी अपराध है, जिसकी सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर दी जा सकती है। सामाजिक परामर्शदाता श्रीमती गुणवंती पंवार ने किशोरियों और महिलाओं को मासिक धर्म स्वच्छता, पोषणयुक्त आहार और एनीमिया से बचाव के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने इस अवसर पर लाडो प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री राजश्री योजना तथा शिक्षा के अधिकार के तहत मिलने वाले लाभों के बारे में भी विस्तार से बताया। जागरूकता सत्र के दौरान महिलाओं और छात्राओं को महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा ऑपरेशन जागृति हेल्पलाइन की जानकारी देकर किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।







