बड़ाछ गांव में मकान से निकले 5 फीट लंबे कोबरा का रेस्क्यू करते वन्यजीव रेस्क्यूर सुरेंद्र सिंह।

जवाजा । बदनोर क्षेत्र के बड़ाच गांव में एक रिहायशी मकान में गेहूं से भरी कोठियों के बीच करीब 5 फीट लंबा कोबरा सांप निकलने से हड़कंप मच गया। सांप की फुफकार सुनकर घर की महिलाओं ने कमरे में जाकर देखा तो कोबरा चूहों का पीछा करते हुए कोठियों के पीछे छिपा बैठा था। यह नजारा देखते ही महिलाएं घबरा गईं और तुरंत कमरे से बाहर निकलकर आसपास के लोगों को सूचना दी। जानकारी के अनुसार कोबरा भोमसिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह रावत के मकान में दिखाई दिया। उस समय भोमसिंह घर से बाहर गए हुए थे। परिजनों और पड़ोसियों ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ब्यावर के वन्यजीव रेस्क्यूर सुरेंद्र सिंह को सूचना दी। सूचना मिलते ही सुरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक कमरे में छिपे कोबरा का रेस्क्यू शुरू किया। रेस्क्यूर सुरेंद्र सिंह ने बताया कि जैसे ही कोबरा को कमरे से बाहर निकाला गया, वह बाहर रखी चारपाई पर कुंडली मारकर बैठ गया और कुछ देर तक फन उठाकर आसपास मौजूद लोगों को देखता रहा। इस दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा, लेकिन रेस्क्यू टीम ने संयम और सतर्कता से स्थिति को संभाल लिया। सुरेंद्र सिंह ने बताया कि भीषण गर्मी के दिनों में सांप ठंडी और सुरक्षित जगह की तलाश में अक्सर घरों में घुस आते हैं। बड़ाच गांव जंगल क्षेत्र के नजदीक होने के कारण यहां जंगली जीवों और जहरीले सांपों के पहुंचने की संभावना बनी रहती है। रेस्क्यू के बाद कोबरा को सुरक्षित रूप से आस पहाड़ के जंगल में छोड़ दिया गया।
Magra Samachar
Author: Magra Samachar

Leave a Comment

Traffic Tail