
जवाजा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में जवाजा क्षेत्र को बड़ी सौगात मिली है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जवाजा में 832 लाख रुपए यानी 8.32 करोड़ रुपए की लागत से नवीन भवन बनकर तैयार हो गया है। इसके साथ ही 76.96 लाख रुपए की लागत से ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) की लैब भी तैयार की गई है। नवीन भवन एवं आधुनिक लैब से जवाजा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर और सुविधाजनक स्वास्थ्य सेवाएं मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। नवीन भवन के उद्घाटन समारोह में राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष हनुमान सिंह राठौड़ मुख्य अतिथि रहे, जबकि ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत ने अध्यक्षता की। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय गहलोत, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी लोकेश कुमावत, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी जवाजा डॉ. अनुज पिंगोलिया,जवाजा चिकित्साधिकारी डॉ. रामप्रकाश शर्मा सहित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ आसपास के गांवों से आए सैकड़ों ग्रामीणों ने भी भाग लिया। नए भवन के शुरू होने से अस्पताल में मरीजों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं बीपीएचयू की लैब से विभिन्न आवश्यक जांच सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। इससे ग्रामीणों को उपचार एवं जांच के लिए दूर-दराज के चिकित्सा केंद्रों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है। डॉ. संजय गहलोत ने बताया कि वर्तमान में जवाजा चिकित्सा केंद्र में तीन डॉक्टर सहित करीब 11 कर्मचारियों का स्टाफ कार्यरत है। नए भवन में शिफ्ट होने के बाद आवश्यकता के अनुरूप अतिरिक्त कर्मचारियों की जरूरत होने पर जल्द ही स्टाफ लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि जवाजा में मोर्चरी की आवश्यकता का मुद्दा भी विधायक एवं विभागीय बैठकों में रखा गया है। मुख्य अतिथि हनुमान सिंह राठौड़ ने कहा कि नए भवन के साथ चिकित्सा कर्मियों की जिम्मेदारी भी बढ़ती है। ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले मरीजों को इलाज के साथ सम्मानजनक और संवेदनशील व्यवहार मिलना चाहिए। चिकित्सा कर्मियों को मरीजों एवं उनके परिजनों से धैर्यपूर्वक संवाद करना चाहिए, क्योंकि बेहतर व्यवहार से मरीज के मन में चिकित्सकीय व्यवस्था के प्रति विश्वास पैदा होता है। विधायक शंकर सिंह रावत ने कहा कि ब्यावर जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जवाजा पंचायत समिति क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण चिकित्सा भवनों पर कार्य हो रहा है। इनमें जवाजा का भवन बनकर तैयार हो गया है, टॉडगढ़ में भवन निर्माणाधीन है तथा बड़ा खेड़ा में भी भवन तैयार होने की दिशा में कार्य चल रहा है। कार्यक्रम में नर्सिंग ऑफिसर ईश्वर सांगेला, रविन्द्र सिंह चौहान, चन्दन सिंह, प्रियंका चौहान, संतोष, गीता, दिव्या चौहान, लक्षिता, विवेक, त्रिलोक सिंह, गोपाल कुमावत सहित चिकित्सा केंद्र का स्टाफ मौजूद रहा। इसके अलावा आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने नवीन भवन और आधुनिक लैब को क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए खुशी जताई। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय गहलोत, अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी लोकेश कुमावत, जवाजा चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश शर्मा सहित नर्सिंग ऑफिसर ईश्वर सांगेला, रविन्द्र सिंह चौहान, चन्दन सिंह, प्रियंका चौहान, संतोष, गीता, दिव्या चौहान, लक्षिता, विवेक, त्रिलोक सिंह एवं गोपाल कुमावत सहित चिकित्सा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। इसके अलावा आसपास के गांवों से आए सैकड़ों ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।













