
“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत आंजन धाम मंदिर परिसर में पौधारोपण करते ट्रस्ट पदाधिकारी एवं श्रद्धालु।
बदनोर। कस्बे स्थित संतों की तपोभूमि आंजन धाम मंदिर परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत सोमवार को भव्य पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में ट्रस्ट अध्यक्ष गोपाल सिंह राठौड़ एवं पूर्व जिला प्रमुख रामचंद्र सेन की उपस्थिति में श्रद्धालुओं और ट्रस्ट सदस्यों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पूर्व जिला प्रमुख रामचंद्र सेन ने बताया कि पिछले दो वर्षों से क्षेत्र में अच्छी वर्षा होने से जलाशय भर चुके हैं। अनुकूल मौसम और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आंजन धाम ट्रस्ट ने ग्राम पंचायत, पंचायत समिति बदनोर तथा विभिन्न विभागों के सहयोग से मंदिर परिसर में 1000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
अभियान के प्रथम चरण में मंदिर परिसर में 100 सीताफल, 100 बोगनवेलिया, 50 चंपा, 50 मधुमालती, 50 अशोक, 25 अर्जुन, 75 टीकम, 25 गूलर तथा 26 गुग्गल के पौधे लगाए जा रहे हैं। पौधारोपण कार्य की शुरुआत सोमवार से कर दी गई है।
इस अवसर पर ट्रस्ट के भक्तों ने संकल्प लिया कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखा जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है।







