तहसीलदार के आदेश पर राजस्व-पुलिस की संयुक्त टीम पहुंची मौके पर, जेसीबी की मदद से हटाए गए अवैध कब्जे

जवाजा। ग्राम जवाजा में सरकारी भूमि एवं राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज सार्वजनिक रास्ते पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए अवैध कब्जों को हटाकर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। तहसीलदार न्यायालय ब्यावर के आदेश की पालना में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचकर कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन की सहायता से रास्ते और सरकारी भूमि पर किए गए अवैध निर्माण एवं बाधाओं को हटाया गया।
जानकारी के अनुसार राजस्व ग्राम जवाजा के खसरा संख्या 2931/1288 स्थित सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किए जाने के संबंध में पूर्व में राजस्थान भू-राजस्व अधिनियम की धारा 91 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। मामले की सुनवाई के बाद तहसीलदार न्यायालय द्वारा अतिक्रमण हटाने के आदेश पारित किए गए थे। इसके बावजूद आदेश की पालना नहीं होने पर प्रशासन ने संयुक्त टीम गठित कर कार्रवाई के निर्देश जारी किए।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत भू-अभिलेख निरीक्षक प्रवीण राय फूलवारी के नेतृत्व में हल्का पटवारी दिनेश लखारा, अनिल भाटी, रघुराज सिंह एवं राजूसिंह सहित राजस्व विभाग की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। टीम ने भूमि का निरीक्षण कर सीमांकन किया तथा सार्वजनिक रास्ते और सरकारी भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात रहा।
ग्रामीणों ने बताया कि सार्वजनिक रास्ते पर अवैध कब्जे के कारण लंबे समय से आवागमन प्रभावित हो रहा था तथा किसानों और खातेदारों को खेतों तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। रास्ता खुलने के बाद ग्रामीणों ने राहत महसूस की और प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत किया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी भूमि, चारागाह, सार्वजनिक रास्तों और अन्य राजकीय संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे मामलों में आगे भी अभियान चलाकर अवैध कब्जों को हटाया जाएगा।

Magra Samachar
Author: Magra Samachar

Leave a Comment

Traffic Tail